- Hindi News
- /
- अपराध
ग्राम डूमर में युवक की हत्या, पुलिस ने आरोपी को त्वरित कार्रवाई में लिया हिरासत में

X
ग्राम डूमर में युवक की हत्या, पुलिस ने आरोपी को त्वरित कार्रवाई में लिया हिरासत में
By - bhaskarbhoominews.com | 25 Jun 2026 02:58 PM
ग्राम डूमर में युवक की हत्या, पुलिस ने आरोपी को त्वरित कार्रवाई में लिया हिरासत में
दुर्ग। ग्राम डूमर में एक युवक की हत्या के मामले में नंदिनी नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सब्बल और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम डूमर के कोटवार द्वारा सूचना दी गई कि गांव स्थित पानी टंकी के पास सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। सूचना मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक स्तर पर मृतक की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद शव पर अंकित गोदना के आधार पर उसकी पहचान चेतन ठाकुर (18 वर्ष), निवासी ग्राम पथरिया के रूप में की गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच और पूछताछ में सामने आया कि घटना से पहले मृतक चेतन ठाकुर, रोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे के साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि देर रात करीब 1 बजे विवाद बढ़ने पर रोमनाथ उर्फ लालू यादव ने सब्बल से चेतन ठाकुर के सिर पर लगातार वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए इस्तेमाल किया गया सब्बल और अपने कपड़े पास के तालाब में फेंक दिए थे। पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की सहायता से दोनों वस्तुएं बरामद कर ली हैं।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति बाद में जारी की जाएगी।

