- Hindi News
- /
- मनोरंजन
दलेर मेहंदी के अपमान पर भड़की फिल्म इंडस्ट्री: FWICE ने PM मोदी को लिखा पत्र, मंत्री के आरोपों पर उठाए सवाल

X
दलेर मेहंदी के अपमान पर भड़की फिल्म इंडस्ट्री: FWICE ने PM मोदी को लिखा पत्र, मंत्री के आरोपों पर उठाए सवाल
By - bhaskarbhoominews.com | 22 Oct 2026 07:57 PM
दलेर मेहंदी के अपमान पर भड़की फिल्म इंडस्ट्री: FWICE ने PM मोदी को लिखा पत्र, मंत्री के आरोपों पर उठाए सवाल
सिंगर दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद में अब फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े संगठन FWICE ने भी आवाज उठाई है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर कलाकारों के सम्मान का मुद्दा उठाया है।
संगठन का कहना है कि किसी कलाकार की सेहत को लेकर चिंता हो, तो उससे सबके सामने डांटने के बजाय सम्मान से बात करनी चाहिए।
FWICE ने दलेर मेहंदी का किया समर्थन
FWICE ने अपने पत्र में कहा कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं। संगठन के मुताबिक, सिंगर पिछले कुछ समय से सेहत से जुड़ी परेशानियों का सामना कर रहे हैं और सर्जरी के बाद ठीक हो रहे हैं। पत्र में कहा गया कि किसी कलाकार की तबीयत या उसके प्रदर्शन को लेकर सवाल हो सकते हैं, लेकिन ऐसे मामलों को समझदारी और संवेदनशीलता से संभालना चाहिए। बिना पूरी बात जाने किसी कलाकार की स्थिति पर फैसला करना सही नहीं है।
संगठन ने यह भी कहा कि दलेर मेहंदी भारतीय संगीत का जाना-माना नाम हैं। उनके गानों को कई पीढ़ियों के लोगों ने पसंद किया है। ऐसे वरिष्ठ कलाकार के साथ सबके सामने किया गया बर्ताव पूरी मनोरंजन इंडस्ट्री के लिए दुख की बात है।
PM मोदी और CM धामी से की अपील
FWICE (Federation of Western India Cine Employees) writes to PM Modi and Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami over alleged public humiliation of singer Daler Mehndi by Uttarakhand Minister Subodh Uniyal. https://t.co/PhvtRHmquh
नक्शे देखें
— Press Trust of India (@PTI_News) October 21, 2026
FWICE ने प्रधानमंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से अपील की कि वे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कलाकारों के साथ सम्मान से पेश आने की सलाह दें। संगठन ने कहा कि कार्यक्रम के आयोजकों और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि किसी कलाकार की सेहत या परफॉर्मेंस से जुड़ी परेशानी को सही तरीके से संभालें। कलाकारों के साथ उनके नाम या हालात की परवाह किए बिना उचित व्यवहार होना चाहिए।
FWICE ने अपने पत्र में यह भी कहा कि वह फिल्म और मनोरंजन जगत के कर्मचारियों और कलाकारों के अधिकारों, कल्याण और उनके साथ सही बर्ताव के लिए हमेशा काम करता रहा है।
नवरात्रि के कार्यक्रम में क्या हुआ था?
यह पूरा मामला उत्तराखंड के नई टिहरी में रविवार को आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का है। नवरात्रि के मौके पर हुए इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में दलेर मेहंदी गाना गा रहे थे। इसी दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और सिंगर पर शराब पीकर कार्यक्रम में आने का आरोप लगाया। उन्होंने दलेर से कहा कि जब वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहे हैं, तो गाएंगे कैसे?
मंत्री ने यह भी कहा कि दलेर को लोगों का मनोरंजन करने के लिए बुलाया गया था और उन्हे कार्यक्रम में गाने के लिए 35 लाख रुपये देने की पेशकश की गई थी। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। हालांकि, दलेर मेहंदी के शराब पीने के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

