- Hindi News
- /
- मनोरंजन
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से सहमे मनोज बाजपेयी, बोले- बॉलीवुड हमेशा से सॉफ्ट टारगेट, कहीं से भी चल रही हैं गोलियां

X
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से सहमे मनोज बाजपेयी, बोले- बॉलीवुड हमेशा से सॉफ्ट टारगेट, कहीं से भी चल रही हैं गोलियां
By - bhaskarbhoominews.com | 22 Oct 2026 07:57 PM
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से सहमे मनोज बाजपेयी, बोले- बॉलीवुड हमेशा से सॉफ्ट टारगेट, कहीं से भी चल रही हैं गोलियां
टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना ने बॉलीवुड में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। एक्टर मनोज बाजपेयी ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि कहीं से भी गोलियां चलना डराने वाला है। उन्होंने राहत जताई कि टाइगर सुरक्षित हैं और उनके ड्राइवर की हालत में भी सुधार हो रहा है
मनोज बाजपेयी के मुताबिक, इस घटना को गैंगवार कहना सही नहीं होगा, लेकिन बिना किसी डर के गोलीबारी होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द मामले की सच्चाई सामने लाए और आरोपियों को ऐसी सजा मिले कि कोई दोबारा ऐसा करने की हिम्मत न करे।
कहीं से भी गोलियां चलना डरावना है
ANI से बातचीत में मनोज बाजपेयी ने कहा, “मुझे यह गैंगवार नहीं लगता, लेकिन गोली कहीं से भी चल जा रही हैं। यह बहुत डरावना है। टाइगर के साथ जो हुआ, वह दुखद है। सबसे अच्छी बात यह है कि वह सुरक्षित हैं और उनके ड्राइवर की हालत भी धीरे-धीरे सुधर रही है।”
उन्होंने बताया कि खबरों के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और आरोपियों को गिरफ्तार कर मुंबई लाया गया है। मनोज ने उम्मीद जताई कि पुलिस जल्द जांच पूरी करेगी और दोषियों पर ऐसी कार्रवाई होगी कि कोई दोबारा ऐसी घटना करने से पहले सोचे।
बॉलीवुड को बताया सॉफ्ट टारगेट
मनोज बाजपेयी ने बॉलीवुड के कलाकारों को मिल रही धमकियों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री हमेशा से निशाने पर रही है। उनके मुताबिक, कानून से जुड़े मामलों में पुलिस और जांच एजेंसियां ही सही कदम उठा सकती हैं। मनोज ने यह भी माना कि कलाकारों को लगातार मिल रही धमकियों का असर सभी पर पड़ता है। ऐसी स्थिति में लोग खुद को बेबस महसूस करते हैं।
18 अक्टूबर को टाइगर की कार पर हुई थी फायरिंग
18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं। इस घटना में टाइगर सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर फिरदौस और पास में मौजूद एक राहगीर घायल हो गए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, गोलीबारी के दौरान कार के शीशे टूट गए थे। बारूद की वजह से टाइगर के हाथों और छाती पर मामूली चोटें भी आई थीं। इस घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हाल के दिनों में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी और एक्टर सलमान खान को भी धमकियां मिलने की खबरें सामने आई हैं।
नई फिल्म के प्रचार में व्यस्त हैं मनोज
मनोज बाजपेयी इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘गजब रात’ के प्रचार में जुटे हैं। रितेश शाह के निर्देशन में बनी इस फिल्म को नीरज पांडे के प्रोडक्शन हाउस फ्राइडे स्टोरीटेलर्स ने बनाया है। यह फिल्म 23 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

