- Hindi News
- /
- ताजा खबर
श्रीराम मंदिर के दान में गबन के आरोप, सत्ता पक्ष के नेता भी उठा रहे हैं सवाल, पीएम मोदी को लिखा गया पत्र

X
श्रीराम मंदिर के दान में गबन के आरोप, सत्ता पक्ष के नेता भी उठा रहे हैं सवाल, पीएम मोदी को लिखा गया पत्र
By - bhaskarbhoominews.com | 22 Jun 2026 09:55 AM
श्रीराम मंदिर के दान में गबन के आरोप, सत्ता पक्ष के नेता भी उठा रहे हैं सवाल, पीएम मोदी को लिखा गया पत्र
अयोध्या स्थित राम मंदिर में आने वाले दान की राशि में कथित गबन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसको लेकर समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी से लेकर स्थानीय नेताओं ने भी सवाल खड़े किए हैं। इस पूरे मामले को लेकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के शिष्य महंत कमल नयन दास ने जांच की मांग की है।
महंत कमलनयन दास ने कहा कि भगवान के न्याय से कोई नहीं बच सकता। इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो। वहीं, राम मंदिर आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले बजरंग दल के संस्थापक विनय कटियार ने भी आरोपों की जांच की मांग कर इस मामले को और हवा दे दी।
विनय कटियार ने कहा कि करोड़ों भक्तों की आस्था से जुड़े राम मंदिर के मामले में लग रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। फिलहाल मेरे पास कोई जानकारी नहीं है की चोरी हुई है कि नहीं हुई है, लेकिन अगर आरोप लग रहे हैं तो उसकी जांच होनी चाहिए।
भाजपा नेता रजनीश सिंह ने जांच के लिए प्रधानमंत्री को लिखा पत्र
वहीं, दान राशि की हेराफेरी का मामला प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंच गया है। भाजपा नेता रजनीश सिंह ने प्रधानमंत्री को इस संबंध में एक शिकायती पत्र भेजा था। जिसके बाद इस प्रकरण ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष और प्रधानमंत्री के पूर्व प्रमुख सचिव नृपेंद्र मिश्र सोमवार को अचानक अयोध्या पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बंद कमरे में ट्रस्ट के अधिकारियों के साथ एक बैठक की, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रस्ट और कलेक्शन एजेंसी से जुड़े करीब छह लोगों से ‘गायब धनराशि’ के संबंध में पूछताछ की जा रही है, लेकिन पुलिस और ट्रस्ट ने इन खबरों की पुष्टि नहीं की है
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि चल रही आंतरिक ऑडिट के दौरान यह पाया गया कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या की तुलना में दान की राशि कम थी। संदेह है कि कई दिनों की अवधि में धनराशि का गबन किया गया था।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया था कि अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के रूप में प्राप्त करोड़ों रुपये ‘लापता’ होने की खबरें हैं और उन्होंने अदालत से इस मामले का संज्ञान लेने का अनुरोध किया था। क्या है मामला?
विवाद की शुरुआत अखिलेश यादव के बयान से हुई। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया ‘X’ के माध्यम से आरोप लगाया कि मंदिर से करोड़ों रुपये का चढ़ावा गायब है। आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह ने भी दान-पात्रों की गिनती और चढ़ावे को लेकर गंभीर आरोप लगाए। यूपी की सपा सरकार में मंत्री रहे पवन पांडे ने दान की गई रकम में 7.5 करोड़ रुपये तक गायब होने की आशंका जताई थी। हालांकि इस समय चंपत राय ने उन आरोपों को खारिज कर दिया था।

