- Hindi News
- /
- अपराध
मैं राम मंदिर गया तो मुझसे पास मांगा गया… पूर्व सांसद विनय कटियार का छलका दर्द, दान विवाद पर क्या कहा?

X
मैं राम मंदिर गया तो मुझसे पास मांगा गया… पूर्व सांसद विनय कटियार का छलका दर्द, दान विवाद पर क्या कहा?
By - bhaskarbhoominews.com | 15 Jun 2026 08:59 PM
मैं राम मंदिर गया तो मुझसे पास मांगा गया… पूर्व सांसद विनय कटियार का छलका दर्द, दान विवाद पर क्या कहा?
अयोध्या में राम मंदिर में हुई चंदा चोरी का मामला सुर्खियों में है। इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है और उनके घर से लाखों रुपयों की बरामदगी भी हो गई है। इस बीच अयोध्या से पूर्व सांसद और भाजपा नेता विनय कटियार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे में हुई कथित चोरी पर गंभीर सवाल उठाए हैं। विनय कटियार ने चंपत राय पर भी निशाना साधा है।
समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए विनय कटियार ने कहा, “जब से मंदिर बना है, केवल एक बार मैं वहां गया हूं। उस दौरान मेरे साथ बेटा भी था। मैंने उससे कहा देख लो जो जहां-जहां अच्छा लगता हो। तो वहां पर एक नीचे बैठे हुए व्यक्ति थे, जिन्होंने मुझसे कहा कि पास कहां है? यानी जिसने सब कुछ करवाया उसको भी वह लोग नहीं जानते हैं। वहां के सभी लोग हमारे घर आते हैं, अगर नहीं आते हैं तो मैं कार्यक्रम में जाता हूं, लेकिन उस समय उनका व्यवहार ठीक नहीं था। इसलिए मैंने सोचा था कि जब इस तरह का व्यक्ति यहां पर रहेगा तो कुछ ना कुछ गड़बड़ जरूर होगी और इस मामले के 15 दिन बाद गड़बड़ी शुरू हो गई।”
बर्दाश्त नहीं करेंगे- विनय कटियार
विनय कटियार ने कहा कि अब जो चढ़ावा आता है वह गायब हो जा रहा है। उन्होंने कहा, “किसकी क्या भूमिका है उस पर मैं चर्चा नहीं करूंगा। हालांकि जिसकी भूमिका है, वह सब मुझे मालूम है। मैं अयोध्या को करीब से नहीं बल्कि अयोध्या को ही पूरा जानता हूं। देश के प्रधानमंत्री ने तत्काल SIT लगा दी है, आज से SIT घूमना शुरू हो गई है, इसीलिए हम यहां सुकून के साथ बैठे हैं। मंदिर में जो पुराने लोग बैठे हैं वह अगर गड़बड़ करेंगे तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
चंपत राय पर विनय कटियार ने लगाया आरोप
राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर बड़ा आरोप लगाते हुए विनय कटियार ने कहा कि वह जल्द ही इस मामले का खुलासा करेंगे। उन्होंने पूछा कि चंपत राय कई बार चढ़ावे को लेकर अपने निवास कारसेवकपुरम गए थे और यह अपराध है। विनय कटियार ने कहा कि मंदिर में चढ़ने वाला पैसा मंदिर में ही गिना जाता है और वहीं से बैंक भेजा जाता है, लेकिन इसे चंपत राय अपने घर क्यों लेकर गए, यह बड़ा सवाल है।
विनय कटियार ने चंपत राय को ट्रस्ट से बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि चढ़ावा निवास स्थान पर ले जाना अपराध है और इसका जवाब उन्हें देना पड़ेगा। विनय कटियार ने यह भी कहा कि मंदिर में चढ़ावे की गिनती बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में होती है और पैसा सीधे बैंक में जमा होता है। उन्होंने कहा कि हर दिन लाखों करोड़ों का चढ़ावा आता है।अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में दान और चढ़ावे में मिली कथित गड़बड़ियों का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट में इस संबंध में याचिका दायर की गई है।

