- Hindi News
- /
- छत्तीसगढ़
महादेव सट्टा ऐप मामले में भाजपा सरकार जिम्मेदार, कांग्रेस पर लगाए जा रहे आरोप निराधार: आर. एन. वर्मा

X
महादेव सट्टा ऐप मामले में भाजपा सरकार जिम्मेदार, कांग्रेस पर लगाए जा रहे आरोप निराधार: आर. एन. वर्मा
By - bhaskarbhoominews.com | 10 Jul 2026 10:18 PM
महादेव सट्टा ऐप मामले में भाजपा सरकार जिम्मेदार, कांग्रेस पर लगाए जा रहे आरोप निराधार: आर. एन. वर्मा
दुर्ग। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर आर. एन. वर्मा ने महादेव सट्टा ऐप मामले को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर मिश्रा के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें सौरभ चंद्राकर की कथित गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस पर निशाना साधा गया था।
आर. एन. वर्मा ने कहा कि यदि महादेव सट्टा ऐप विदेश से संचालित हो रहा था, तो इसकी जिम्मेदारी केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की बनती है। उन्होंने सवाल उठाया कि वर्ष 2014 से केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद यह नेटवर्क किसके संरक्षण में संचालित होता रहा और छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों में इसकी गतिविधियां कैसे जारी रहीं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज भी जुआ, सट्टा, नशा और अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इन परिस्थितियों के लिए आखिर कौन जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है।
पूर्व महापौर ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी विफलताओं और कमियों को छिपाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है तथा कांग्रेस और उसके नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
आर. एन. वर्मा ने कहा कि प्रदेश और देश की जनता भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली को समझ चुकी है तथा लोगों को कांग्रेस शासन के दौरान शांति, सौहार्द और बेहतर व्यवस्था का अनुभव याद है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता आगामी समय में लोकतांत्रिक तरीके से अपना निर्णय देगी।

